गाजियाबाद: डीएम राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में सीडीओ विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण अभियान/दस्तक अभियान की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में संपन्न, संचारी रोग नियंत्रण अभियान का जनपद में किया जाये व्यापक प्रचार प्रसार- सीडीओ विक्रमादित्य सिंह मलिक, सभी संबंधित विभाग इस अभियान के सफल संचालन हेतु अपनी भूमिका पूर्ण मनोयोग से निभाय- विक्रमादित्य सिंह मलिक, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण कार्यवाही हेतु विभिन्न विभागों का उत्तरदायित्व निर्धारण के साथ कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में बैठक आयोजित की गयी, जिसमें वर्ष 2022 की भांति वर्ष 2023 में भी संचारी रोगों की रोकथाम हेतु प्रभावी उपाय अपनाते हुए व्यापक तरीके से अभियान जनपद में चलाये जाने को लेकर विशेष चर्चा की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2023 में संचारी रोग नियंत्रण अभियान दिनांक 01 अप्रैल से 30 अप्रैल, 2023 तक तथा दस्तक अभियान दिनांक 17 अप्रैल से 30 अप्रैल, 2023 तक जनपद में चलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान को जनपद में सफल बनाने के लिये सम्बन्धित विभागों के अधिकारी वर्ष 2022 में संचालित की गयी सभी गतिविधियों की पुनः विस्तृत कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जल भराव रोकने तथा शुद्ध पेयजल उपलब्धता पर विशेष जोर देते हुए सभी विभाग व्यवहार परिवर्तन तथा प्रचार-प्रसार की भी व्यापक योजना बनायें, ताकि जन सामान्य तक सभी जानकारियों की शुलभ उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि संचारी रोग नियंत्रण हेतु विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करते हुए एक साथ कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनपद तथा ब्लॉक स्तर पर समन्वय समितियों का गठन कर नियमित अन्तराल पर विभिन्न विभागों द्वारा किये गये कार्य निष्पादन तथा जनपद में रोग की स्थिति की समीक्षा हेतु इन समितियों की बैठक आयोजित करायी जाए। बैठक में ब्लॉक स्तर पर नोडल अध्यापकों का संवेदीकरण, स्थानीय निकायों पर संवेदीकरण बैठकें, ब्लॉक स्तरीय ग्राम प्रधान संवेदीकरण बैठक तथा ब्लॉक चिकित्सालय पर आशा, ए0एन0एम0 तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का संवेदीकरण कराये जाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संचारी रोग अभियान के अन्तर्गत विभिन्न सम्बन्धित विभागों द्वारा किये जाने वाले कार्यों की विभागवार, समयवार एवं प्रत्येक दिन की सूचना बनाकर जिला मुख्यालय पर प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ0 जी0के0 मिश्रा ने समस्त सम्बन्धित विभागों को राज्य स्तर से जारी समय सारिणी के अनुसार विभिन्न क्रिया कलाप सम्पादित करने का अनुरोध किया तथा साथ ही कार्यक्रम से सम्बन्धित समस्त विभागों को राज्य स्तर से निर्धारित कार्य एवं दायित्वों से अवगत कराया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 भवतोष शंखधर ने बताया कि संचारी रोगो के नियंत्रण के लिए जनपद में दिनांक 01/04/2023 से 30/04/2023 तक एक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा तथा दिनांक 17.04.2023 से 30 अप्रैल, 2023 तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा, इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा आशा कार्यकर्ता प्रत्येक घर जाकर बुखार के रोगियों की खोज करेंगे तथा घरों पर स्टीकर लगाया जाना सुनिश्चित करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि सभी विभाग इस अभियान के सफल संचालन हेतु अपनी भूमिका पूर्ण मनोयोग से निभाय तथा सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वह संचारी रोग नियंत्रण अभियान का सफल आयोजन करें। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि दस्तक अभियान तथा संचारी अभियान में आंगनवाड़ी की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक में पिछले संचारी अभियान का फीडबैक यूनिसेफ तथा डब्ल्यूएचओ द्वारा दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षको को निर्देशित किया गया कि सभी बुखार के रोगियों की डेंगू तथा मलेरिया की जांच अनिवार्य रूप से कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि मौसम के तापमान में होने वाले परिवर्तन के दृष्टिगत हीट रिलेटेड इलनेस की रोकथाम एवं नियंत्रण की गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जाए साथ ही उन्होंने बैठक में शासन से प्राप्त दिशा निर्देशों का बिन्दुवार विस्तार पूर्वक जानकारी उपस्थित सभी अधिकारीगण को दी। बैठक में "I Pledge for 9 Achievers Award" सम्मान समारोह कार्यक्रम वर्ष 2022-23 का आयोजन भी किया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अर्न्तगत प्रत्येक माह की 09 तारीख को मनाये जाने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस के दिन पूरे वित्तीय वर्ष 2022-23 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले चिकित्सा कर्मियों को आज मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला की 09 तारीख को द्वितीय/तृतीय तिमाही में विशेषज्ञ/चिकित्सक की देख रेख में कम से कम एक बार सम्पूर्ण जांचे की जाये। यदि कोई महिला उच्च जोखिम (HRP) है तो उसका सही समय पर प्रबन्धन कर सुरक्षित प्रसव कराया जाये जिससे की मातृ मृत्यु में कमी लाई जा सके। कार्यक्रम अंतर्गत शहरी स्वास्थ्य इकाई में प्रथम स्थान जिला महिला चिकित्सालय, द्वितीय स्थान शहरी प्रथामिक स्वास्थ्य केन्द्र महाराजपुर प्रथम एवं तृतीय स्थान शहरी प्रथामिक स्वास्थ्य केन्द्र सरस्वती कॉलोनी रहा। इसी प्रकार ग्रामीण स्वास्थ्य इकाई में प्रथम स्थान सी0एच0सी0 डासना, द्वितीय स्थान सी0एच0सी0 मुरादनगर एवं तृतीय स्थान सी0एच0सी0 लोनी रहा। समारोह में प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान के अंतर्गत अच्छा कार्य प्रदान करने वाले चिकित्सको एवं स्वाथ्य कार्यकर्ताओ को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए जिसमें डासना अधीक्षक डॉ0 भरत भूषण, लोनी अधीक्षक डॉ0 मनपाल, डॉ0 आदित्य शिसोदिया, रश्मि स्टाफ नर्स सहित अनेक स्वाथ्य कर्मियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 भवतोष शंखधर, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 डी0एम0 सक्सेना, डी0एस0ओ0 डॉ0 आर0के0 गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए पी0एन0 दिक्षित, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 मिथिलेश सिंह, डब्ल्यूएचओ से डॉ0 अभिषेक कुलश्रेष्ठ, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमर जीत सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप द्विवेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी शशि वार्ष्णेय, समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी, संबंधित विभागीय अधिकारी सहित समस्त चिकित्सा अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ